Tuesday, 29 Sep 2026

पोर्श कार हादसे की जांच CBI करे, फडणवीस इस्तीफा दें: कांग्रेस

मुंबई (28 मई 24)। महाराष्ट्र की कांग्रेस इकाई ने पुणे के चर्चित पोर्श कार हादसे की जांच सीबीआई से कराने की मांग की। पार्टी ने मंगलवार को कहा कि उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। पुणे के कल्याणी नगर इलाके में 19 मई की रात हुए हादसे में दो इंजीनियरों की मौत हो गई थी और जिस पोर्श कार ने मोटरसाइकिल सवारों को कुचला था उसे कथित तौर पर 17 वर्षीय एक किशोर नशे की हालत में चला था। किशोर न्याय बोर्ड द्वारा लड़के को जमानत दिए जाने का भारी पैमाने पर विरोध हुआ था, जिसके बाद बोर्ड ने पांच जून तक उसे सुधार गृह में भेज दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने मंगलवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि ससून जनरल अस्पताल अपराधियों के लिए पंच सितारा होटल बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य गंभीर सूखे का सामना कर रहा है और शराब पीकर वाहन चलाने एवं मादक पदार्थ की घटनाएं बढ़ रही हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘ऐसी घटनाएं नागपुर, जलगांव और पुणे से सामने आई हैं लेकिन आक्रोश करने वाली बात यह है कि सरकारी तंत्र सुनिश्चित कर रहा है कि आरोपी को तत्काल जमानत मिल जाए।' उन्होंने कहा कि कार हादसे की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को करना चाहिए क्योंकि ऐसा दिख रहा है कि अमीर आरोपी को बचाने के लिए राजनीतिक हस्तक्षेप हो रहा है। 

Tags:

Follow us

This question is not available..!