भोपाल (13 सितंबर 24)। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि प्रदेश की सभी अकादमियों में पैरा खिलाड़ियों के लिये अलग से विशेष सीट की व्यवस्था की जायेगी। साथ ही उनके लिये नौकरी के साथ विशेष बजट का भी प्रावधान किया जायेगा। मंत्री सारंग ने आज टीटी नगर स्टेडियम में पैरालंपिक में काँस्य पदक हासिल कर लौटै मध्यप्रदेश के सीहोर के जूडो खिलाड़ी कपिल परमार और पैरालंपिक में काँस्य पदक अर्जित कर मध्यप्रदेश के जबलपुर की शूटिंग खिलाड़ी रूबीना फ्रांसिस का भोपाल एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया। मंत्री सारंग ने पैरालंपिक जूड़ो में पदक जीतने वाले देश के पहले खिलाड़ी कपिल परमार और रूबीना फ्रांसिस से भेंट कर उनकी हौसला आफजाई की। इस मौके पर कपिल परमार के कोच मुनव्वर अंजार और पिता रामसिंह परमार, खेल संचालक रवि कुमार गुप्ता और संयुक्त संचालक बीएस यादव सहित स्टेडियम के खिलाड़ी एवं कोच भी उपस्थित थे। मंत्री सारंग ने कहा कि पैरालंपिक में मध्यप्रदेश का नाम दोनों खिलाड़ी कपिल परमार और रूबीना फ्रांसिस ने बढ़ाया है। हमारे खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़े, इसके लिये हम प्रयास करेंगे। मंत्री सारंग ने राजा भोज विमानतल पर पेरिस पैरालंपिक के 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच-1 स्पर्धा में काँस्य पदक विजेता मध्यप्रदेश अकादमी की रुबीना फ्रांसिस के भोपाल आगमन पर आत्मीय स्वागत कर पदक जीतने की शुभकामनाएँ दीं।