भोपाल (11 जुलाई 24)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पर्यावरण दिवस पर आरंभ एक पेड़ मां के नाम अभियान ने पूरे देश में जन-अभियान का स्वरूप ले लिया है। प्रदेश में 5 करोड़ 51 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है। यह पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामाजिक चेतना को जगाने की कोशिश है। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा पौध-रोपण को अपनी प्राथमिकता में शामिल करना पुलिस की पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। हर्ष का विषय है कि पुलिस जवानों के साथ उनके परिवार भी पौध-रोपण को अपनी जिम्मेदारी मान रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नक्सल विरोधी अभियान में पुलिस की कार्यवाही और संपूर्ण प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने में संवेदनशीलता के लिए पुलिस कार्य प्रणाली की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस अपना कार्य प्रभावी तरीके से करती है, राज्य सरकार उनके साथ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल की 25 वीं बटालियन में आयोजित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रोपा रूद्राक्ष का पौधा:- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रुद्राक्ष का पौधा लगाया और आकाश में गुब्बारे छोड़कर प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसी समय संपूर्ण प्रदेश की पुलिस इकाइयों में एक साथ 1 लाख 25 हजार पौधे रोपे गए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के कार्यक्रम स्थल आगमन पर पुलिस बैंड की धुन के बीच बालिकाओं द्वारा तिलक कर स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया। मुख्यमंत्री ने परिसर में भ्रमण कर पौध-रोपण के लिए एकत्र हुए पुलिस जवानों और पुलिस परिवारों के सदस्यों से बातचीत की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव को पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना ने स्मृति चिन्ह भेंट किया।