Monday, 28 Sep 2026

पीएम मोदी के नेतृत्व में केवीआईसी का नया कीर्तिमान

नईदिल्ली (10 जुलाई 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत खादी और ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी) ने वित्त वर्ष 2023-24 में उत्पादन, बिक्री और नए रोजगार सृजन में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। केवीआईसी के अध्यक्ष मनोज कुमार ने यहां वित्त वर्ष 2023-24 के अस्‍थायी आंकड़े जारी करते हुए कहा कि पिछले सभी आंकड़ों को पार करते हुए वित्त वर्ष 2013-14 की तुलना में बिक्री में 399.69 प्रतिशत (लगभग 400 प्रतिशत), उत्पादन में 314.79 प्रतिशत (लगभग 315 प्रतिशत) और नए रोजगार सृजन में 80.96 प्रतिशत (लगभग 81 प्रतिशत) की वृद्धि हुई है। वर्ष 2013-14 की तुलना में वित्त वर्ष 2022-23 में बिक्री में 332.14 प्रतिशत, उत्पादन में 267.52 प्रतिशत और नए रोजगार सृजन में 69.75 प्रतिशत की वृद्धि हुई। 

कुमार ने कहा कि केवीआईसी के इस उल्लेखनीय प्रदर्शन ने 2047 तक 'विकसित भारत' की कल्‍पना को साकार करने और भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार केवीआईसी उत्पादों की बिक्री वित्त वर्ष 2023-24 में 1.55 लाख करोड़ रुपये को पार कर गई है। वित्त वर्ष 2022-23 में बिक्री का आंकड़ा 1.34 लाख करोड़ रुपये था। 'मोदी सरकार' के पिछले दस वित्त वर्षों में ग्रामीण क्षेत्रों में कारीगरों द्वारा बनाए गए स्वदेशी खादी और ग्रामोद्योग उत्पादों की बिक्री जो वित्त वर्ष 2013-14 में 31154.20 करोड़ रुपये थी, वह वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़कर 155673.12 करोड़ रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई है, जो अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि है। वित्त वर्ष 2023-24 में केवीआईसी के प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में 10.17 लाख नए रोजगार सृजित हुए हैं, जिससे ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!