Monday, 28 Sep 2026

पित्रोदा ने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा

नईदिल्ली (08 मई 24)। कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने बुधवार को ‘इंडियन ओवरसीज कांग्रेस' के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने पित्रोदा के निर्णय को स्वीकार कर लिया है। जयराम रमेश ने अपने पोस्ट में लिखा- 'सैम पित्रोदा ने अपनी मर्ज़ी से इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार कर लिया है।' पित्रोदा की कथित टिप्पणियों के बाद देश की राजनीति में एक नया विवाद पैदा हो गया है। उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि भारत के उत्तर पूर्व के लोग चीनियों जैसे दिखते हैं, जबकि दक्षिण के लोग अफ्रीकियों की तरह दिखते हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पित्रोदा की ‘नस्ली' टिप्पणियों को लेकर उन पर निशाना साधते हुए दावा किया कि इससे विपक्षी दल की ‘विभाजनकारी' राजनीति बेनकाब हो गई है। कांग्रेस ने भारत की सामाजिक एवं सांस्कृतिक विविधता पर अपने सहयोगी संगठन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा की आपत्तिजनक टिप्पणी से स्वयं को अलग कर लिया है। जयराम रमेश ने कहा, सैम पित्रोदा द्वारा भारत की विविधताओं को जो उपमाएँ दी गई हैं, वह अत्यंत गलत और अस्वीकार्य हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस इन उपमाओं से अपने आप को पूर्ण रूप से अलग करती है।' पित्रोदा को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के राजनीतिक गुरु और मार्गदर्शक माना जाता है। वह राजीव सरकार में प्रधानमंत्री के सलाहकार रहे हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!