Saturday, 03 Oct 2026

पाकिस्तान में हिंसक झड़प, फायरिंग में 7 की मौत

इस्लामाबाद (09 सितंबर 24)। जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी ‘पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ' (पीटीआई) ने रविवार को शक्ति प्रदर्शन किया और अपने नेता की तत्काल रिहाई की मांग की। इस बीच, पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े जिसे लेकर पार्टी ने सरकार की आलोचना की। घटना के दौरान हुई फायरिंग में 7 लोगों की मौत हो गई। इस्लामाबाद जिला प्रशासन ने रैली के लिए अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी किया जिसके बाद उपनगरीय इलाके संगजानी कैटल मार्केट के पास एक मैदान में रैली हुई। हजारों की संख्या में पीटीआई समर्थकों ने रैली में भाग लिया। इससे यह साबित हो गया कि पार्टी के 71 वर्षीय संस्थापक खान को कैद किए जाने समेत तमाम बाधाओं के बावजूद पार्टी का आधार बरकरार है। इमरान को पिछले साल पांच अगस्त को तोशाखाना भ्रष्टाचार मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया था। तब से वह अलग-अलग मामलों में जेल में बंद हैं। इमरान को जेल में बंद हुए 400 दिन पूरे हो गए हैं। एनओसी के अनुसार, रैली शाम सात बजे (स्थानीय समयानुसार) समाप्त होनी थी। समयसीमा समाप्त होते ही जिला प्रशासन ने एनओसी का पालन न करने के कारण पुलिस को रैली में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। प्राधिकारियों ने कहा कि आयोजकों ने समयसीमा से पहले समारोह समाप्त न करके नियमों का उल्लंघन किया। इस कार्रवाई के जवाब में पीटीआई कार्यकर्ताओं ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शोएब खान सहित कई सुरक्षाकर्मी घायल हो गए।


Tags:

Follow us

This question is not available..!