नई दिल्ली (31 जुलाई 26)। पेपर लीक और परीक्षा में होने वाली धांधली पर लगाम लगाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से लाए गए लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना की है। प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि यह नया कानून देश की परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब और सख्त कार्रवाई की जा सकेगी।
पीएम मोदी ने कहा, साथियों विश्वस्त परीक्षा पद्धति इसके लिए हम लगातार एक के बाद एक कदम उठा रहे हैं। टास्क फोर्स की रचना हो, फास्ट ट्रैक की रचना हो। राज्यों को सुझावों को ध्यान में लेना हो। क्योंकि पिछले कई दशकों से हर राज्य और केंद्र सरकार, इस प्रकार की पेपर लीक की परेशानी झेल रहा है। बच्चों के भविष्य की चिंता पैदा कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा, 'इन सब को ध्यान में रखते हुए देशव्यापी सभी राज्यों में भी और केंद्र में भी शिक्षा पद्धति में सुधार अनिवार्य हो गया है। टेक्नोलॉजी के भरपूर उपयोग की आवश्यकता हो गई है। पेपर माफिया, पेपर लीक करने वाला गैंग देश के बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली गैंग को बख्शा नहीं जाएगा। पीएम मोदी ने कहा, 'इसके लिए कठोर कानूनों की भी जरूरत है। हम संसद में बिल लेकर गए थे और जैसा मैंने आपसे वादा किया था, आज दोनों सदनों ने कठोर प्रावधानों वाले इस बिल को पास कर दिया है।अब विश्वस्त परीक्षा पद्धति की दिशा में एक महत्वपूर्ण काम पूरा हुआ है।' उन्होंने कहा, 'काम आगे भी चलता रहेगा. हम ऐसी परिस्थितियों को लंबे समय तक नहीं चलने देंगे. इसी विश्वास के साथ आइए, हम सब मिलकर विकसित भारत के सपनों को पूरा करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर चलें।'