Saturday, 10 Oct 2026

पनामा में थरूर की टिप्पणी से कांग्रेस में भूचाल

पनामा (30 मई 25)। ‘सर्जिकल स्ट्राइक' संबंधी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेताओं की आलोचना के शिकार पार्टी नेता शशि थरूर ने बृहस्पतिवार को कहा कि जो 'कट्टरपंथी' नियंत्रण रेखा के पार भारतीय वीरता की उनकी समझ पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि वह 'स्पष्ट रूप से' केवल आतंकी हमलों के जवाब में की गई कार्रवाइयों की बात कर रहे थे, न कि पहले हुए युद्धों की। थरूर ने कहा कि उनकी टिप्पणी से पहले हाल के वर्षों में हुए कई हमलों का जिक्र किया गया था, जिनके दौरान भारत की पिछली प्रतिक्रियाएं नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के प्रति सम्मान के कारण संयमित और सीमित थीं। पांच देशों के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस नेता ने यहां कथित तौर पर कहा कि भारत ने पहली बार आतंकवादी ठिकानों पर ‘सर्जिकल स्ट्राइक' करने के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच नियंत्रण रेखा का उल्लंघन किया था। ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था।

कांग्रेस ने इस टिप्पणी को लेकर उन पर निशाना साधा और पार्टी सहयोगी उदित राज ने कहा कि उन्हें ‘‘भाजपा का सुपर प्रवक्ता'' बना दिया जाना चाहिए। आलोचना का जवाब देते हुए थरूर ने कहा, 'पनामा में एक लंबे और सफल दिन के बाद, मुझे आधी रात को यहां का दौरा संपन्न कर छह घंटे बाद बोगोटा, कोलंबिया के लिए रवाना होना है, इसलिए मेरे पास वास्तव में इसके लिए समय नहीं है। लेकिन फिर भी 'उन कट्टरपंथियों के लिए जो अतीत में नियंत्रण रेखा के पार भारतीय वीरता के बारे में मेरी कथित अज्ञानता के बारे में चिल्ला रहे हैं-  मैं स्पष्ट रूप से केवल आतंकवादी हमलों के प्रतिशोध के बारे में बोल रहा था, न कि पिछले युद्धों के बारे में।' 

थरूर ने कहा, 'मेरी टिप्पणियों में पहले हाल के वर्षों में हुए कई हमलों का उल्लेख किया गया था, जिनके दौरान पिछली भारतीय प्रतिक्रियाएं नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के प्रति हमारे जिम्मेदारीपूर्ण सम्मान के कारण संयमित और सीमित थीं।' उन्होंने कहा, 'लेकिन हमेशा की तरह, आलोचकों और ट्रोल का मेरे विचारों और शब्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का स्वागत है। मेरे पास करने के लिए वास्तव में बेहतर काम हैं। शुभ रात्रि।'  उदित राज ने सर्जिकल स्ट्राइक पर थरूर की टिप्पणी को लेकर ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘प्रिय शशि थरूर, अफसोस! मैं प्रधानमंत्री मोदी से कह सकता हूं कि वह आपको भाजपा का मुख्य प्रवक्ता घोषित कर दें, यहां तक ​​कि भारत लौटने से पहले आपको विदेश मंत्री भी घोषित कर दें।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!