Tuesday, 29 Sep 2026

पटना के गांधी मैदान में BPSC अभ्यर्थियों का महाजुटान

भोपाल (29 दिसंबर 24)। बीपीएससी 70वीं परीक्षा को रद्द कराने की मांग को लेकर पिछले 12 दिनों से अभ्यर्थी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को पटना के गांधी मैदान में अभ्यर्थियों का महाजुटान हुआ है। प्रशासन की मनाही और अनुमति न मिलने के बावजूद, छात्र गांधी मूर्ति के नीचे जुटे हैं। इस बीच, जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी गांधी मैदान पहुंचे और छात्रों को समर्थन देते हुए सरकार पर निशाना साधा। प्रशांत किशोर ने कहा कि गांधी मैदान सार्वजनिक जगह है। यहां रैली या धरना नहीं हो रहा है, बल्कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से बातचीत करना चाहते हैं। सरकार इसे प्रतिष्ठा का मुद्दा बनाकर अपना ही नुकसान कर रही है। उन्होंने कहा कि हम प्रदर्शन के लिए नहीं, छात्रों से मिलने आए हैं। यह सार्वजनिक स्थान है और किसी अनुमति की आवश्यकता नहीं है। दरअसल, गर्दनीबाग में 11 दिनों तक चले प्रदर्शन के बाद, प्रशांत किशोर ने रविवार को गांधी मैदान में छात्र संसद का आयोजन करने की घोषणा की थी। हालांकि, जिला प्रशासन ने इस आयोजन के लिए अनुमति देने से इनकार कर दिया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गांधी मैदान में प्रदर्शन करना नियमों का उल्लंघन होगा और बिना अनुमति के कार्यक्रम करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद, अभ्यर्थी गांधी मूर्ति के नीचे पहुंच गए और जमकर नारेबाजी की। बता दें कि गांधी मैदान में माहौल तनावपूर्ण है और इसे पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस बल की तैनाती के बावजूद, छात्र गांधी मूर्ति के नीचे डटे हुए हैं। प्रशांत किशोर ने छात्रों को समर्थन देते हुए सरकार की कार्रवाई की निंदा की है।


Tags:

Follow us

This question is not available..!