रायबरेली (09 मई 24)। कांग्रेस के सत्ता में आने पर अयोध्या के राम मंदिर में 'बाबरी ताला' लगा दिये जाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आरोप को 'सरासर झूठ' करार देते हुए पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी कई बार कह चुकी है कि वह अदालत के फैसले का सम्मान करती है। रायबरेली में अपने भाई एवं कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी के पक्ष में प्रचार कर रही प्रियंका ने यहां मीडिया से बातचीत में 'बाबरी ताले' को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा लगाये गये आरोप के बारे में पूछे जाने पर कहा, 'यह सरासर झूठ है। कांग्रेस पार्टी ने कई बार कहा है कि वह (राम जन्म भूमि-बाबरी मस्जिद मामले में) अदालत के फैसले का सम्मान करेगी। हमने (अतीत में) ऐसा किया है और भविष्य में भी ऐसा ही करेंगे।'
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के धार में कहा था कि वह चाहते हैं कि भाजपा-नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) मौजूदा लोकसभा चुनाव में 400 सीट जीते, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कांग्रेस कश्मीर में अनुच्छेद 370 वापस न लाये और अयोध्या में राममंदिर पर 'बाबरी ताला' न लगाये। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी बुधवार को उत्तर प्रदेश में अपनी रैलियों में 'बाबरी' ताले की बात कही थी। प्रियंका ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर आरोप लगाते हुए कहा, 'असदुद्दीन ओवैसी जी सीधे तौर पर भाजपा के साथ काम कर रहे हैं...तेलंगाना के चुनाव में यह बात बहुत स्पष्ट हो गई है।'