Saturday, 03 Oct 2026

निष्पक्ष चुनाव करवाएं नहीं तो जिंदगी खराब कर दूंगा: जीतू

दतिया (24 जुलाई 26)। दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक बयान सियासी चर्चा का विषय बन गया है। बसई क्षेत्र के ठकुरपुरा गांव में आयोजित जनसभा में पटवारी ने प्रशासन और पुलिस को निष्पक्ष चुनाव कराने की नसीहत देते हुए चेतावनी भरे अंदाज में अपनी बात रखी। उनके बयान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान के तहत कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बसई क्षेत्र के ठकुरपुरा गांव में जनसभा को संबोधित किया। कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में आयोजित इस सभा में उन्होंने प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की। सभा को संबोधित करते हुए पटवारी ने कहा कि यदि चुनाव के दौरान पुलिस या प्रशासन ने किसी भी तरह का पक्षपात किया, तो चुनाव के बाद संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों से जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारें बदलती रहती हैं, लेकिन अपने पद का दुरुपयोग करने वालों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कोई हरकत की तो मैं आपकी जिंदगी खराब कर दूंगा।

जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे बिना किसी दबाव के चुनाव लड़ें और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते अपराध, आत्महत्या, हत्या, जमीन विवाद और अन्य मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र की स्थिति चिंताजनक है और लोगों की परेशानियों को देखकर उन्हें दुख होता है। उधर, पटवारी के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!