नईदिल्ली (19 अगस्त 25)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने निर्वाचन आयोग पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ ‘‘सांठ-गांठ'' में पक्षपातपूर्ण तरीके से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का रवैया विपक्षी दलों के खिलाफ है। गहलोत ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, 'राहुल गांधी एक संवैधानिक पद पर हैं। उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ सबूतों के साथ निर्वाचन आयोग पर मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाए। निर्वाचन आयोग ने अपनी गलती स्वीकार करने की बजाय उनसे शपथ पत्र मांगा।'राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, 'इसके बाद भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने भी कुछ सीटों पर मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोप लगाए लेकिन निर्वाचन आयोग ने उनसे कोई शपथ पत्र नहीं मांगा।' कांग्रेस नेता के अनुसार-एक तरफ निर्वाचन आयोग राहुल गांधी से शपथ पत्र मांग रहा है, वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान आयोग को शपथ पत्र के साथ की गईं 18,000 शिकायतों एवं इनकी पावती (रिसीविंग) को सार्वजनिक किया है।