Sunday, 04 Oct 2026

नया फोरलेन लिखेगा महिदपुर की नई तकदीर: मुख्यमंत्री

महिदपुर (17 जून 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि उज्जैन सहित आसपास के क्षेत्र को मोक्षदायिनी मां क्षिप्रा का आशीर्वाद प्राप्त है। क्षिप्रा इस क्षेत्र के किसानों को अन्न पैदा करने के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराती है। महिदपुर भाग्यशाली है कि क्षिप्रा नदी पर बने लगभग सभी बांध और जलाशय महिदपुर में ही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सिंहस्थ 2028 के भव्य आयोजन के लिए इन दिनों उज्जैन और इसके आसपास हजारों करोड़ रुपये के विकास कार्य जारी हैं। डोंगला से गुजरने वाला नया फोरलेन महिदपुर की नई तकदीर लिखेगा। महिदपुर शहर ट्रांसपोर्टेशन सेक्टर में भी अपनी अलग पहचान रखता है, इसमें भी और गति आएगी। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार को उज्जैन जिले की महिदपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से कुल 207 करोड़ 57 लाख रुपए की लागत वाले 19 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें करीब 188 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत के सामाकोटा बैराज के लोकार्पण सहित क्षेत्र के 13 उप-स्वास्थ्य केंद्र के नए भवनों, महाविद्यालय एवं स्कूलों के नवीन भवनों तथा नवीन विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाकोटा बैराज उज्जैन जिले में जल संरक्षण को नई ऊर्जा देगा। इससे भू-जल स्तर में सुधार होगा, जिससे हमारे अन्नदाता किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल और खेतों को नई संजीवनी मिलेगी। इतना ही नहीं, पानी की एक-एक बूंद को सहेजने का यह भागीरथ प्रयास आने वाले सिंहस्थ और उज्जैन के भविष्य के लिए मजबूत कवच बनेगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महिदपुर की मावा-बाटी और महिदपुर की गुलाटी दोनों प्रसिद्ध है। यहां आने का अलग ही आनंद है। भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की दोस्ती का स्थान महिदपुर में है। समय गणना में भी यहां के डोंगला का योगदान अतुलनीय है। राजा जयसिंह ने 300 साल पहले उज्जैन, बनारस, जयपुर, मथुरा और दिल्ली में वैधशालाओं (जंतर-मंतर) का निर्माण कराया। सम्राट विक्रमादित्य और आर्यभट्ट की विरासत को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार ने डोंगला में आधुनिक ऑब्जर्वेटरी बनवाई है। दुनिया अपनी घड़ी में डोंगला से स्टैंडर्ड टाइम तय करे, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कार्यक्रम को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, उज्जैन लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनिल फिरोजिया, महिदपुर विधायक दिनेश जैन (बोस) सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर बहादुर सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय जन उपस्थित थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!