बनासकांठा (01 मई 24)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के दौरे पर हैं। उन्होंने बनासकांठा में विशाल जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2024 में कांग्रेस और INDI गठबंधन फिर से झूठ लेकर मैदान में आए हैं, उनकी इकोसिस्टम भी इस झूठ को हवा दे रहा है। वे संविधान दिखाते हैं, आरक्षण ले लेंगे इसका डर दिखाते हैं, पूरी तरह मनगढंत गपबाजी करना ही उनका काम है। पीएम ने कहा कि कांग्रेस वाले कान खोलकर सुन लें। जब तक मोदी जिंदा है...मैं तुम्हें कभी भी धर्म के आधार पर आरक्षण का खेल नहीं खेलने दूंगा।
बनासकांठा में विशाल जनसभा को संबोधि करते हुए पीएम ने कहा, कांग्रेस वाले और उनकी जमात कान खोलकर सुन लें। ये मोदी है, मोदी जब तक जिंदा है, मैं तुम्हें कभी भी धर्म के आधार पर आरक्षण का खेल खेलने नहीं दूंगा। SC-ST, OBC और सामान्य वर्ग के गरीबों को जो आरक्षण मिला है संविधान के तहत मिला है। मैं आज कांग्रेस के शहजादे को, कांग्रेस पार्टी को और कांग्रेस के सारे गाजे-बाजे बजाने वाली जमात को चुनौती देता हूं कि अगर उनमें हिम्मत है तो घोषणा करें कि वे कभी भी धर्म के आधार पर न आरक्षण का दुरुपयोग करेंगे, न संविधान में खिलवाड़ करेंगे, न ही धर्म के आधार पर किसी को आरक्षण देंगे।