नईदिल्ली (03 सितंबर 24)। किसी भी आपराधिक मामलों में आरोपी के घर और संपत्तियों पर राज्य सरकारों के बुलडोजर चलाने के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद अब विपक्ष के प्रमुख नेता राहुल गांधी ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का स्वागत किया है। राहुल गांधी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, 'भाजपा की असंवैधानिक और अन्यायपूर्ण ‘बुलडोज़र नीति’ पर सर्वोच्च न्यायालय की टिप्पणी स्वागत योग्य है, बुलडोज़र के नीचे मानवता और इंसाफ को कुचलने वाली भाजपा का संविधान विरोधी चेहरा अब देश के सामने बेनक़ाब हो चुका है।'
उन्होंने कहा, बेलगाम सत्ता का प्रतीक बन चुके बुलडोजर ने नागरिक अधिकारों को कुचलकर कानून को निरंतर अहंकार भरी चुनौती दी है। त्वरित न्याय की आड़ में भय का राज स्थापित करने की मंशा से चलाए जा रहे बुलडोज़र के पहियों के नीचे अक्सर बहुजानों और गरीबों की ही घर-गृहस्थी आती है। इसी पोस्ट में राहुल ने आगे कहा, हम अपेक्षा करते हैं कि सुप्रीम कोर्ट इस अति संवेदनशील विषय पर स्पष्ट दिशा निर्देश जारी कर बीजेपी सरकारों के इस लोकतंत्र विरोधी अभियान से नागरिकों की रक्षा करेगा. देश बाबा साहब के संविधान से चलेगा, सत्ता की चाबुक से नहीं।