भोपाल (11 अगस्त 24)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि देश के स्वस्थ भविष्य का आधार स्वस्थ मां होती है। मां स्वस्थ होगी तो बच्चा स्वस्थ होगा। बच्चा स्वस्थ होगा तो परिवार, समाज और देश भी स्वस्थ होगा। राज्यपाल पटेल ने कहा कि समाज के हित के रचनात्मक कार्य आत्मसंतुष्टि प्रदान करते है। उन्होंने बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे संस्था के प्रयासों की सराहना की। राज्यपाल पटेल अल्टीमेट फूडीज द्वारा होटल सयाजी में आयोजित 'वूमन एंड चाइल्ड हेल्थ एम्पावरमेंट' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि बच्चे के जन्म के बाद के 1 हजार दिवस उसके स्वास्थ्य और भविष्य की नींव रखते है। बच्चे के जन्म के बाद का मां का दूध अमृत के समान होता है। इसी प्रकार समय-समय पर लगाए जाने वाले टीके भी बहुत महत्वपूर्ण होते है। अभिभावकों को इस अवधि में बच्चे की परवरिश पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि संस्था गर्भवती माताओं को बच्चे के स्वास्थ्य, स्तनपान और जरूरी जाँचों के प्रति जागरूक करने का काम करे। दूरस्थ अंचलों तक स्तनपान और पोषण आहार के संबंध में प्रचलित भ्रान्तियों को दूर करने में सहयोग करे। राज्यपाल पटेल ने कार्यकम में बच्चों और महिलाओं को पोषण किट का वितरण किया और प्रदर्शनी का अवलोकन किया।