Tuesday, 29 Sep 2026

देश का पहला वर्टिकल रेल पुल, मोदी करेंगे उद्घाटन

रामेश्वरम (05 अप्रैल 25)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को रामनवमी के दिन तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। इस मौके पर वे भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट रेलवे पुल -नया पंबन रेल पुल-का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के दौरान वे इस पुल से एक ट्रेन और एक जहाज को रवाना भी करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब 12:45 बजे पीएम मोदी रामेश्वरम के प्रसिद्ध रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। फिर करीब 1:30 बजे वे तमिलनाडु में 8,300 करोड़ रुपये से ज़्यादा की लागत वाली सड़क और रेलवे परियोजनाओं की नींव रखेंगे और कुछ परियोजनाओं को देश को समर्पित करेंगे। साथ ही लोगों को संबोधित भी करेंगे।

इस खास पुल की नींव प्रधानमंत्री मोदी ने ही साल 2019 में रखी थी। अब यह पुल बनकर तैयार हो गया है और इसे देश को समर्पित किया जाएगा। इस पुल से रामेश्वरम और चेन्नई (तांबरम) के बीच एक नई ट्रेन सेवा की भी शुरुआत होगी। यह भारत का पहला वर्टिकल लिफ्ट पुल है। पुल की लंबाई लगभग 2.08 किलोमीटर है और इसे 700 करोड़ रुपये से ज़्यादा की लागत से बनाया गया है। इसमें एक खास हिस्सा है जो 17 मीटर ऊँचाई तक उठाया जा सकता है ताकि जहाज नीचे से निकल सकें। यह पुल दोहरी पटरियों के लिए डिजाइन किया गया है और इस पर 140 किमी/घंटा की रफ्तार से ट्रेनें चल सकेंगी। इसे आधुनिक तकनीकों जैसे सेंसर, ऑटोमैटिक सिग्नलिंग और जंग-रोधी कोटिंग से बनाया गया है। यह पुल समुद्र के किनारे होने के कारण चक्रवाती तूफानों और भूकंप को ध्यान में रखकर मजबूत बनाया गया है। रेलवे सुरक्षा आयुक्त से मंजूरी मिलने के बाद ही इसका उद्घाटन किया जा रहा है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!