Wednesday, 30 Sep 2026

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दो सड़क हादसों में 4 की मौत

रतलाम (30 सितंबर 26)। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह कुछ ही घंटों के अंतराल में हुए दो दर्दनाक सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 घायल हुए हैं। दोनों हादसे जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुए।  दोनों दुर्घटनाओं में कारें एक्सप्रेस-वे की रैलिंग से टकराने के बाद नीचे खाई में जा गिरीं।

थाना प्रभारी प्रकाश गडरिया के अनुसार, पहला हादसा मंगलवार तड़के करीब 4.30 बजे हुआ। पंजाब का एक परिवार कार से मुंबई जा रहा था। इसी दौरान चालक को झपकी लगने की आशंका है। कार अनियंत्रित होकर 8 लेन एक्सप्रेस-वे के बीच बनी रैलिंग को तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में 67 वर्षीय नरेंद्र कौर और उनकी 32 वर्षीय बहू मनप्रीत कौर की मौत हो गई। कार में सवार अन्य लोग घायल हुए हैं।  सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जावरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

टूटी रैलिंग बनी दूसरे हादसे की वजह

पहले हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे की रैलिंग टूट गई थी। पुलिस टीम सुबह करीब 6.30 बजे घटनास्थल का मौका मुआयना कर रही थी, तभी एक दूसरी कार तेज रफ्तार में वहां से गुजरते समय हवा में उछल गई और सड़क के बीच बनी बाउंड्री से टकराने के बाद खाई में जा गिरी। कार में गुजरात के दाहोद का परिवार सवार था, जो उत्तर प्रदेश से  लौट रहा था। हादसे में कार सवार दो पुरुषों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!