Tuesday, 29 Sep 2026

दशकों बाद पूर्ण बहुमत वाली केंद्र सरकार लगाने जा रही हैट्रिक: मोदी

होशियारपुर (30 मई 24)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि दशकों बाद ऐसा समय आया है कि पूर्ण बहुमत वाली केंद्र सरकार हैट्रिक लगाने जा रही है। गुरु रविदास को याद करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि गरीब कल्याण उनकी सरकार की बहुत बड़ी प्राथमिकता है और इसके पीछे गुरु रविदास जी की प्रेरणा है। मोदी ने सात चरणों में संपन्न हो रहे लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के अंतिम दिन यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश ने पिछले 10 वर्षों के दौरान अभूतपूर्व विकास देखा है।

उन्होंने कहा, ‘दशकों बाद ऐसा समय आया है कि पूर्ण बहुमत वाली केंद्र सरकार हैट्रिक लगाने जा रही है। और इसकी सबसे बड़ी वजह है विकसित भारत का सपना। आज हर भारतीय विकसित भारत के सपने के साथ जुड़ गया है और इसलिए हर देशवासी हमें आशीर्वाद दे रहा है।' स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से ‘यही समय है, सही समय है' के अपने उद्घोष का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि 21वीं सदी भारत की सदी होगी।उन्होंने कहा, ‘पिछले 10 साल में भारत ने जो विकास करके दिखाया है, वह अभूतपूर्व रहा है। आज जब पंजाब के लोग, दूसरे राज्यों के लोग विदेश जाते हैं तो खुद देखते हैं कि वहां भारत और भारतीयों की इज्जत कितनी बढ़ गई है।'

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी इच्छा है कि स्थानीय आदमपुर हवाई अड्डे का नाम गुरु रविदास के नाम पर रखा जाए। उन्होंने इसे इस चुनाव की अपनी आखिरी जनसभा बताते हुए कहा कि होशियारपुर को ‘छोटी काशी' कहा जाता है और यह गुरु रविदास की ‘तपोभूमि' है। उन्होंने कहा, ‘वाराणसी से मैं सांसद हूं, और वहां गुरु रविदास का जन्म हुआ था। इसलिए होशियारपुर की इस पवित्र भूमि पर चुनाव प्रचार का समापन मेरे लिए गर्व की बात है।'

Tags:

Follow us

This question is not available..!