लंदन (20 अगस्त 25)। भारत के स्वतंत्रता दिवस पर लंदन की सड़कों पर एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के नागरिक आमने-सामने आ गए। भारतीय मुस्लिम बेटियों ने तिरंगे की शान बचाने के लिए पाकिस्तानियों को करारा जवाब दिया और 'हिंदुस्तान जिंदाबाद' के जोरदार नारे लगाए। ब्रिटेन की राजधानी लंदन में स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए भारतीय समुदाय बड़ी संख्या में तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरा था।
इस दौरान कुछ पाकिस्तानी युवकों ने भारतीय लड़कियों से बदसलूकी की और तिरंगा छीनने की कोशिश की। भारतीय मुस्लिम लड़कियों ने हिम्मत नहीं हारी और डटकर जवाब दिया। लड़कियों के साहस के सामने पाकिस्तानी पीछे हटने पर मजबूर हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक मुस्लिम लड़की तिरंगा लेकर आज़ादी का जश्न मना रही थी, तभी पाकिस्तानी युवकों ने रोकने की कोशिश की। लेकिन लड़की ने जोरदार प्रतिरोध किया और पाकिस्तानियों को वहीं से खदेड़ दिया। यह पहला मौका नहीं है जब लंदन में भारत और पाकिस्तान के नागरिक भिड़े हों। पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आए थे। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी लंदन की सड़कों पर भारत-पाकिस्तान समर्थकों के बीच झड़प हुई थी। हर साल अगस्त में स्थिति ज्यादा तनावपूर्ण हो जाती है, क्योंकि पाकिस्तान 14 अगस्त और भारत 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाता है।