भोपाल (05 अक्टूबर 24)। भारत सरकार के उच्चतर शिक्षा विभाग अंतर्गत वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली नई दिल्ली एवं अटल बिहारी वाजपेयी हिंदी विश्वविद्यालय, भोपाल के संयुक्त तत्वाधान में भोपाल के पंडित सुंदरलाल शर्मा केंद्रीय व्यावसायिक शिक्षण संस्थान स्थित सभागार में ‘तकनीकी शब्दावली और भारतीय भाषाओं में शिक्षण’ विषयक दो दिवसीय संगोष्ठी का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि भोपाल स्थित भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान के निदेशक प्रो. गोवर्धन दास ने कहा कि अधिकतर जनरल अंग्रेजी में है, परंतु भारतीय शिक्षण पद्धति बहुत पुरानी है। हम अपनी भाषाओं में शिक्षा देकर अपनी भाषा का विकास कर सकते हैं। नालंदा जैसे विश्वविद्यालय हमारे देश में थे। हमारी संस्कृति, सभ्यता व ज्ञान को नुकसान पहुंचाया गया है, परंतु भारत पुनः विश्वगुरु बनने की राह पर है। संगोष्ठी के विशिष्ट अतिथि प्रो. गिरीश नाथ झा ने कहा कि शिक्षा में वैज्ञानिक तकनीकी शब्दावली का व्यवहार होना चाहिए तथा मानक शब्दावली का उपयोग करना चाहिए। अपनी भाषा में ज्ञान प्राप्त करना आसान है तथा आयोग के कार्यों आदि के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।