वाशिंगटन (12 अक्टूबर 26)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में तत्काल प्रभाव से एनर्जी सीजफायर लागू होने का ऐलान किया है। ट्रंप के मुताबिक, दोनों पक्ष ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के लिए सहमत हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इस समझौते की जानकारी देते हुए दोनों देशों से इसे नहीं तोड़ने की अपील की।
ट्रंप ने अपने संदेश में लिखा, 'तुरंत प्रभाव से रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में एनर्जी सीजफायर है। दोनों पक्ष सहमत हो गए हैं। इसे मत तोड़ना!' हालांकि, उन्होंने इस सीजफायर की अवधि, विस्तृत शर्तों और इसे लागू करने की व्यवस्था के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी। इस घोषणा के बाद यह देखना अहम होगा कि रूस और यूक्रेन ऊर्जा से जुड़े ठिकानों पर हमले रोकने की प्रतिबद्धता का किस तरह पालन करते हैं। इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा था कि यदि रूस यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकता है, तो यूक्रेन भी रूस की तेल रिफाइनरियों को निशाना बनाना बंद करने के लिए तैयार है। जेलेंस्की ने जोर दिया था कि तनाव कम करने के लिए दोनों देशों को एक-दूसरे के ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने होंगे और इस समझौते के पालन की ठोस गारंटी भी जरूरी है। जेलेंस्की का यह बयान ट्रंप की उन टिप्पणियों के बाद आया था, जिनमें उन्होंने यूक्रेन में नए राष्ट्रपति की जरूरत बताई थी और अमेरिका में डीजल की ऊंची कीमतों के लिए यूक्रेन की रूसी ऊर्जा ठिकानों पर की जा रही कार्रवाई को जिम्मेदार ठहराया था। हालांकि, ट्रंप के ताजा ऐलान के बावजूद रूस और यूक्रेन की ओर से समझौते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी। ऐसे में सीजफायर की वास्तविक स्थिति, उसकी शर्तों और दोनों देशों की प्रतिबद्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।