भोपाल (14 जनवरी 25)। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा है कि सरकार ने 2025 तक टी.बी. रोग के सम्पूर्ण उन्मूलन का लक्ष्य रखा है। टीबी एसोसिएशन, रोग अभियान के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता से करें। टी.बी. के उपचार और जागरूकता से जुड़ी सभी गतिविधियां सतत् रूप से सघन स्तर पर की जानी चाहिए। राज्यपाल पटेल ने एमपी स्टेट टीबी एसोसिएशन की बैठक में उक्त निर्देश दिए। उन्होंने टीबी उन्मूलन प्रयासों के लिए विवेकाधीन निधि से एसोसिएशन को 1 लाख रुपये प्रदाय किए हैं। बैठक में राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव के.सी. गुप्ता भी मौजूद रहे।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि टीबी के उन्मूलन प्रयासों में जागरूकता सबसे ज़रूरी है। इसलिए दूरस्थ ग्रामीण अंचलों, झुग्गी बस्तियों, स्कूल और कॉलेजों में टीबी की जागरूकता गतिविधियों को लगातार जारी रखें। टीबी के इलाज के साथ ही मरीज़ों और उनके परिजनों की काउंसलिंग करें। उन्हें एडवाइज़री कार्ड भी प्रदान करें। राज्यपाल पटेल ने बैठक में टीबी मरीज उपचार प्रक्रिया, नि:क्षय मित्र, पोषण आहार वितरण की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने एसोसिएशन के प्रशिक्षण, प्रचार-प्रसार, स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, अनुदान, आय-स्त्रोत, निर्माण कार्य आदि की समीक्षा की। पदाधिकारियों का मार्गदर्शन किया। बैठक में एसोसिएशन के चेयरमेन जयराम सचदेवा और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।