इंदौर (16 जुलाई 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश में सभी क्षेत्रों में विकास के प्रयास किए जा रहे हैं। आमजन के लिए अनेक प्रकार की सुविधाओं का विस्तार हो रहा हैं। भवनों का निर्माण भी निरंतर किया जा रहा है। भवनों के निर्माण में गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। जिला अस्पताल का नवनिर्मित भवन भी इंदौर को प्राप्त ऐसी ही नई सौगात है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि यह अस्पताल नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को इंदौरवासियों को स्वास्थ्य क्षेत्र की एक बड़ी सौगात देते हुए मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा लगभग 83.13 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 300 बिस्तरीय अत्याधुनिक जिला अस्पताल भवन का लोकार्पण किया। धार रोड स्थित लगभग 3.40 एकड़ भूमि पर निर्मित यह जी+4 मंजिला अस्पताल भवन लगभग 2 लाख वर्गफीट क्षेत्रफल में विकसित किया गया है। आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से सुसज्जित यह अस्पताल इंदौर ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराएगा। चार मंजिला आधुनिक अस्पताल भवन में मरीजों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक चिकित्सा एवं डायग्नोस्टिक सुविधाएँ विकसित की गई हैं। अस्पताल में ओपीडी के साथ-साथ मेडिसिन एवं सर्जिकल विभाग, गायनिक वार्ड एवं ऑपरेशन थिएटर, पीडियाट्रिक क्षेत्र, डायलिसिस यूनिट, आधुनिक नर्सिंग कॉल सिस्टम, पैथोलॉजी लैब, डिजिटल एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई एवं सोनोग्राफी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं। वर्तमान में गायनिक सेवाएँ, एमआरआई, सीटी स्कैन तथा एक्स-रे सेवाएँ प्रारंभ भी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर का जिला अस्पताल आम जनता के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने चन्दन नगर से एयरपोर्ट रोड के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की।कार्यक्रम को नगरीय विकास और आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर इंदौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी संबोधित किया।