Monday, 28 Sep 2026

छात्राएं तकनीकी दक्षता के साथ अपनी जड़ों से जुड़े: सीएम

भोपाल (07 अगस्त 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास देश की युवा शक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षु छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने आत्मविश्वास को बनाए रखें, तकनीकी दक्षता के साथ अपनी जड़ों और खेती से भी जुड़े रहें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को शासकीय आदिवासी महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के भ्रमण के दौरान प्रशिक्षु छात्राओं से संवाद कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संस्थान की विभिन्न प्रयोगशालाओं का अवलोकन करते हुए प्रशिक्षु छात्राओं से उनके प्रशिक्षण, भविष्य की योजनाओं तथा शासन की विभिन्न योजनाओं से प्राप्त हो रहे लाभ के संबंध में विस्तार से चर्चा की। मैकेनिकल लैब में उन्होंने सीआरडीआई फोर-स्ट्रोक डीजल इंजन के बारे में जानकारी प्राप्त की तथा लेथ मशीन पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं की सराहना की।

संस्थान में फिटर ट्रेड के प्रशिक्षुओं ने ‘वेस्ट टू आर्ट’ की अवधारणा पर तैयार आकर्षक गिटार तथा वेस्ट से निर्मित तोप मुख्यमंत्री को भेंट की। डॉ. यादव को संस्थान की प्रवेश विवरणिका भी भेंट की गई। मुख्यमंत्री के साथ प्रशिक्षु छात्राओं ने सामूहिक छायाचित्र भी खिंचवाया। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने संस्थान परिसर में मलबरी (शहतूत) का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। लोक निर्माण मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी राकेश सिंह, सांसद विवेक बंटी साहू, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, संभागायुक्त धनंजय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!