कोलकाता (27 मई 24)। भारतीय नौसेना ने चक्रवात रेमल के बाद एक विश्वसनीय मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) प्रतिक्रिया शुरू करने के लिए मौजूदा मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पालन करते हुए प्रारंभिक कार्रवाई आरंभ कर दी है। चक्रवात के आज मध्यरात्रि को तट पार करने की आशंका है। नौसेना मुख्यालय में स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है, साथ ही पूर्वी नौसेना कमान मुख्यालय द्वारा व्यापक तैयारी कार्रवाई की जा रही है।
चक्रवात रेमल, जिसके गंभीर चक्रवात में बदलने की आशंका है, के सागर द्वीप, पश्चिम बंगाल और खेपुपारा, बांग्लादेश के बीच टकराने का अनुमान है। तैयारी के लिए, भारतीय नौसेना ने प्रभावित आबादी की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने हेतु तत्काल तैनाती के लिए एचएडीआर और चिकित्सा आपूर्ति से लैस दो जहाजों को तैयार किया है। इसके अतिरिक्त, सी किंग और चेतक हेलिकॉप्टरों के साथ-साथ डोर्नियर विमानों सहित भारतीय नौसेना की विमानन परिसंपत्तियां त्वरित प्रतिक्रिया के लिए तैयार हैं।