इंदौर (07 जुलाई 26)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव पद से चंपत राय के हटने के बाद कांग्रेस ने उनसे 'राष्ट्रीय देवी अहिल्या सम्मान' वापस लेने की मांग उठाई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के मीडिया सलाहकार केके मिश्रा ने इस संबंध में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को पत्र लिखा है। पत्र को उन्होंने सोमवार देर रात एक्स पर भी साझा किया।
पत्र में मिश्रा ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के नाम पर दिए जाने वाले 'राष्ट्रीय देवी अहिल्या सम्मान' की गरिमा बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने लिखा कि 13 जनवरी 2025 को चंपत राय को यह सम्मान प्रदान किया गया था, लेकिन अब उनके संबंध में वित्तीय अनियमितताओं, भूमि खरीद-बिक्री तथा चंदा एवं चढ़ावे में कथित गड़बड़ियों के आरोप सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं। साथ ही उन्हें श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की जिम्मेदारियों से भी अलग किया जा चुका है। मिश्रा ने पत्र में आग्रह किया कि देवी अहिल्या जन्मोत्सव समिति की बैठक बुलाकर चंपत राय को दिए गए 'राष्ट्रीय देवी अहिल्या सम्मान' पर पुनर्विचार किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक हो तो सम्मान वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाए, ताकि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के नाम से जुड़े सम्मान की गरिमा और विश्वसनीयता बनी रहे।