विजयवाड़ा (12 जून 24)। तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू बुधवार को चौथी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और बंडी संजय कुमार के साथ-साथ कई अन्य नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सूत्रों ने बताया कि अमित शाह आज रात यहां पहुंचेंगे और नायडू से उनके आवास पर मुलाकात करेंगे। राजग नेताओं के अनुरोध के बाद राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने मंगलवार को नायडू को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। बाद में शाम को नायडू ने यहां राजभवन में नजीर से मुलाकात की। तेदेपा प्रमुख विजयवाड़ा के बाहरी इलाके केसरपल्ली में गन्नावरम हवाई अड्डे के सामने मेधा आईटी पार्क के पास पूर्वाह्न 11.27 बजे शपथ लेंगे। मंगलवार को तेलुगू देशम विधायक दल और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों ने नायडू को अपना नेता चुना।