सीतामढ़ी (16 मई 24)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस क्षेत्र में पहले दौरा करने जब आया तो बड़ी मात्रा में गौ-हत्या के मामले आते थे। मैं विश्वास दिलाता हूं, मोदी जी को तीसरा बार प्रधानमंत्री बना दो। गौ-हत्या करने वालों को उल्टा-लटकाकर सीधा करने का काम करेंगे। ये भूमि सीता माता की है। यहां न गाय की हत्या होने देंगे न गाय की तस्करी होने देंगे। ये नरेंद्र मोदी का वादा है। सीतामढ़ी से राजग उम्मीदवार (जदयू) देवेश चंद्र ठाकुर के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने यह बातें कहीं।
केंद्रीय गृह ने कहा, ‘ये कांगेस वाले, ये फारूक अब्दुल्ला हमें डराते हैं कि पीओके मत मांगिए, उनके पास (पाकिस्तान के पास) एटम बम है। अरे राहुल बाबा, आपको डरना है तो डरिए पाकिस्तान से, एटम बम से, ये 140 करोड़ का महान भारत है, वह किसी से नहीं डरता। मैं आज सीता माता की धरती पर कहकर जाता हूं, पीओके भारत का है, रहेगा और वह हम लेकर रहेंगे।' उन्होंने आरोप लगाया, ‘ये कांग्रेस पार्टी और लालू एंड कंपनी ने 70 साल तक अनुच्छेद 370 को एक बच्चे की तरह गोदी में खिलाती रही। आपने मोदी जी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया, उन्होंने पांच अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 को समाप्त कर दिया। ये लालू बाबा और राहुल जी कहते थे, 370 मत हटाओ, वहां खून की नदियां बह जाएंगी। पांच साल हो गए, खून की नदियां छोड़ो, किसी की कंकड़ चलाने की हिम्मत नहीं है।'