Saturday, 03 Oct 2026

गृह मंत्री का ऐलान-'श्री विजयपुरम' होगा पोर्ट ब्लेयर का नाम'

नईदिल्ली (14 सितंबर 24)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को घोषणा की कि केंद्र शासित प्रदेश अंडमान निकोबार द्वीपसमूह की राजधानी पोर्ट ब्लेयर का नाम बदलकर श्री विजयपुरम कर दिया गया है। शाह ने यह भी कहा कि यह निर्णय देश को औपनिवेशिक प्रतीकों से मुक्त करने के लिये लिया गया है, क्योंकि अंडमान निकोबार द्वीप समूह का देश के स्वतंत्रता संग्राम और इतिहास में ‘अद्वितीय स्थान' है। उन्होंने ‘एक्स' पर लिखा, 'देश को गुलामी के सभी प्रतीकों से मुक्ति दिलाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प से प्रेरित होकर आज गृह मंत्रालय ने पोर्ट ब्लेयर का नाम ‘श्री विजयपुरम' करने का निर्णय लिया है।'

शाह ने कहा, 'श्री विजयपुरम' नाम हमारे स्वाधीनता के संघर्ष और इसमें अंडमान निकोबार के योगदान को दर्शाता है।' उन्होंने कहा कि इस द्वीप का देश की स्वाधीनता और इतिहास में अद्वितीय स्थान रहा है। उन्होंने कहा कि चोल साम्राज्य में नौसेना अड्डे की भूमिका निभाने वाला यह द्वीप आज देश की सुरक्षा और विकास को गति देने के लिए तैयार है। शाह ने कहा, 'यह द्वीप नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी द्वारा सबसे पहले तिरंगा फहराने से लेकर सेलुलर जेल में वीर सावरकर व अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के द्वारा मां भारती की स्वाधीनता के लिए संघर्ष का स्थान भी है।' केंद्रशासित प्रदेश होने के नाते अंडमान निकोबार द्वीपसमूह केंद्रीय गृह मंत्रालय के सीधे प्रशासनिक नियंत्रण में आता है। यह केंद्रशासित प्रदेश अपने प्राकृतिक सौंदर्य और समृद्ध समुद्री संपदा के लिए जाता जाता है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!