नईदिल्ली (04 अक्टूबर 26)। उत्तर भारत में मॉनसून की विदाई के साथ मौसम में बदलाव हो गया है। कई राज्यों में हल्की ठंड की शुरुआत हो गई है। हालांकि मौसम विभान ने कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं के साथ-साथ आंधी का अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार राजधानी दिल्ली में मौसम साफ रहने की संभावना है। यहां पर अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। 5 और 6 अक्टूबर को दिल्ली में मौसम साफ रहने की उम्मीद है और 7 से 9 अक्टूबर के बीच आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना है। गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, सीतापुर, बलरामपुर, संतकबीर नगर, मऊ, प्रयागराज, कानपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, आगरा, मथुरा, मेरठ और गाजियाबाद में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार के कई इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
मध्य प्रदेश में बारिश की चेतावनी- पंजाब के 7 जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी की चेतावनी जारी की गई है। मध्य प्रदेश में भी बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान के कई इलाकों में हल्की बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। पश्चिम बंगाल में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। असम और मेघालय में गरज के साथ बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड के कई इलाकों में बारिश के साथ-साथ तेज हवाओं की संभावना है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, सोलन, चंबा, हमीरपुर और बिलासपुर में हल्की बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। जम्मू-कश्मीर में भी कई जगहों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।