Monday, 28 Sep 2026

गंभीर बीमारी से जूझ रही मेक्सिको की फातिमा बनीं मिस यूनिवर्स

मेक्सिको (22 नवंबर 25)। मिस यूनिवर्स 2025 का रोमांचक और विवादित फिनाले आखिरकार संपन्न हो गया। इस बार का खिताब मेक्सिको की फातिमा बोश फर्नांडीज के नाम रहा। वहीं भारत की उम्मीदों को झटका लगा, क्योंकि हमारी प्रतियोगी जीत के दावेदारों में शामिल नहीं हो पाईं।

फातिमा बोश, जो थाईलैंड के डायरेक्टर नवात इट्साराग्रिसिल के खिलाफ अपनी आवाज उठाने के लिए चर्चा में रही थीं, ने प्रतियोगिता में अपनी बुद्धिमत्ता और आत्मविश्वास से निर्णायकों को प्रभावित किया। फातिमा ने जब पूछा गया कि '2025 में एक महिला होने की चुनौतियां क्या हैं और मिस यूनिवर्स के खिताब के जरिए आप महिलाओं के लिए कैसे सुरक्षित जगह बनाएंगी?' उनका जवाब सीधे और प्रेरक था। उन्होंने कहा, 'मैं अपनी आवाज़ का इस्तेमाल दूसरों के लिए करूंगी। हम यहां बदलाव लाने, अपने अधिकारों की रक्षा करने और इतिहास रचने के लिए हैं। हम बहादुर महिलाएं हैं।' इस बार की प्रतियोगिता में एक बड़ा विवाद भी सामने आया। थाईलैंड के डायरेक्टर नवात ने लाइव मीटिंग में फातिमा बोश को ‘dumbhead’ कहा। यह घटना तब हुई जब फातिमा ने प्रमोशनल पोस्ट न करने पर प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। हालांकि बाद में नवात ने सफाई देते हुए कहा कि उनका इरादा किसी को नुकसान पहुंचाने का नहीं था।

फातिमा बोश फर्नांडीज 25 साल की हैं और मेक्सिको के डी टीपा शहर से ताल्लुक रखती हैं। वे ताबास्को की पहली महिला हैं जिन्होंने मिस यूनिवर्स मेक्सिको का खिताब जीता। फातिमा की ऊंचाई 1.74 मीटर (5 फीट 8.5 इंच) है। उन्होंने मेक्सिको सिटी की यूनिवर्सिडाड इबेरोअमेरिकाना से फैशन एंड एपरेल डिजाइन में डिग्री हासिल की और इसके बाद इटली के मिलान में NABA (Nuova Accademia di Belle Arti) से आगे की पढ़ाई की। फातिमा को डिस्लेक्सिया नामक बीमारी है, जिसके कारण पढ़ना और लिखना मुश्किल होता है। उन्होंने बताया कि यह चुनौती उन्हें अलग सोचने और संघर्ष में मजबूत बनने में मदद करती है। यही वजह है कि उन्होंने मिस यूनिवर्स के मंच पर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से सबको प्रभावित किया।

Tags:

Follow us

This question is not available..!