श्रीनगर (22 मई 25)। बुधवार को दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-2142 में उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान को तेज टर्बुलेंस (झटकों) और बिजली गिरने की घटना का सामना करना पड़ा। यह घटना तब हुई जब विमान श्रीनगर के आसमान में था और वहां तेज हवाएं, भारी बारिश और ओलावृष्टि हो रही थी।
फ्लाइट में कुल 227 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। सौभाग्य से, सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। खराब मौसम के चलते पायलट ने तुरंत आपातकालीन लैंडिंग का फैसला लिया और विमान को सुरक्षित तरीके से श्रीनगर एयरपोर्ट पर उतार दिया गया। घटना के समय फ्लाइट में बैठे यात्रियों ने अचानक तेज झटके महसूस किए। कई लोग डर गए और घबराहट की स्थिति बन गई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कुछ वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग सीट से उठ नहीं पा रहे थे और कुछ यात्री सहमे हुए थे। इंडिगो ने इस घटना पर बयान जारी किया है। कंपनी ने कहा कि 'हमारी फ्लाइट 6E-2142 को खराब मौसम के कारण टर्बुलेंस और बिजली गिरने की स्थिति का सामना करना पड़ा। विमान को तुरंत उड़ान से हटाकर तकनीकी जांच की जा रही है। सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।'