छतरपुर (22 फरवरी 26)। छतरपुर जिले के बड़ामलहरा विकासखंड के नगर घुवारा की रहने वाली युवा क्रिकेटर क्रांति गौड़ को महिला क्रिकेट विश्वकप में बेहतरीन प्रदर्शन का इनाम मिला है। टाटा कंपनी ने उनके उत्कृष्ट खेल को सम्मान देते हुए नई टाटा सिएरा कार गिफ्ट की है। शनिवार को कंपनी की ओर से कार की होम डिलीवरी सीधे उनके घर पहुंचाई गई, जिससे पूरे परिवार और मोहल्ले में खुशी की लहर दौड़ गई। जैसे ही नई चमचमाती कार घर के बाहर पहुंची, परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया गया और मिठाइयां बांटकर इस उपलब्धि को यादगार बनाया गया। पड़ोसी और प्रशंसक भी इस खास मौके के साक्षी बने और क्रांति को बधाई दी। बताया गया है कि टाटा कंपनी ने विश्वकप में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली सभी महिला खिलाड़ियों को ‘शेयरा’ कार भेंट करने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में क्रांति गौड़ को भी यह सम्मान मिला। परिवार के लोगों ने कहा कि यह न सिर्फ क्रांति की मेहनत का फल है, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। क्रांति की इस उपलब्धि से घुवारा नगर ही नहीं, बल्कि पूरे छतरपुर जिले का नाम रोशन हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद क्रांति ने अपने खेल से जो मुकाम हासिल किया है, वह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा। घर पहुंची इस खास सौगात ने जश्न का माहौल बना दिया। परिजनों ने कहा कि बेटी की सफलता ही उनके लिए सबसे बड़ा तोहफा है और यह सम्मान उसके संघर्ष और समर्पण की पहचान है।