रांची (01 दिसंबर 25)। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रविवार को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेला गया। मुकाबले में टॉस साउथ अफ्रीका ने जीता है और पहले गेंदबाजी चुनी। हालांकि यह रोमांचक मुकाबला भारतीय टीम ने ही जीता।
भारत के लिए पारी की शुरुआत रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल ने की। इसके बाद विराट कोहली मैदान में आए और उन्होंने 102 गेंदों पर 103 रन बनाकर अपना शतक पूरा किया। विराट कोहली ने अपने करियर में वनडे क्रिकेट का 52 वां शतक लगाया है। वहीं ओवरऑल इंटरनेशनल क्रिकेट में यह उनका 83 वां शतक है। उन्होंने शतक पूरा करते ही सचिन तेंदुलकर का घर में खेलते हुए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने का विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सचिन तेंदुलकर ने 58 बार ऐसा किया था, वहीं कोहली ने शतक पूरा करते हुए 59वीं बार घरेलू वनडे में 50+ स्कोर बना लिया है। कोहली ने 102 गेंदों में शतक पूरा किया। उन्होंने प्रीनेलान सुब्रायेन द्वारा डाले गए 39वें की तीसरी गेंद पर सेंचुरी कंप्लीट की। यह पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 7000 वां शतक था। कोहली 120 गेंदों में 135 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे, जिसमें 11 चौके और सात छक्के शामिल हैं। उन्हें बर्गर ने 43वें ओवर में रिकेल्टन को कैच कराया। कोहली ने कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल के साथ पांचवें विकेट के लिए 76 रनों की साझेदारी की। कोहली को अंततः नैंड्रे बर्गर ने धीमी गेंद पर आउट किया। लेकिन जब वे पवेलियन लौट रहे थे, पूरा स्टेडियम खड़े होकर उनकी इस यादगार पारी का सम्मान कर रहा था।