Thursday, 01 Oct 2026

कोलकाता रेप-मर्डर कांड पर 'बाद में बोलूंगा': राहुल गांधी

रायबरेली (21 अगस्त 24)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि वह भविष्य में कोलकाता में डॉक्टर की बलात्कार के बाद हत्या के मामले पर बोलेंगे, क्योंकि वह दलित युवक की हत्या के मुद्दे से ध्यान भटकाना नहीं चाहते, जिसके लिए वह यहां आए हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें अपराध सिर्फ भाजपा शासित राज्यों में दिखता है। 

राहुल गांधी मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में थे, जहां नसीराबाद थाना क्षेत्र के भुवालपुर सिसनी गांव में 11 अगस्त को कुछ स्थानीय लोगों के साथ विवाद के बाद अर्जुन पासी (22) नामक एक दलित युवक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी। अर्जुन पासी के परिजनों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे कोलकाता में एक प्रशिक्षु चिकित्सक की बलात्कार के बाद हत्या के मामले के बारे में पूछा गया तो गांधी ने कहा, 'मैं इस घटना (दलित की हत्या) के लिए यहां (रायबरेली) आया हूं।' 

उन्होंने कहा, 'मैंने कोलकाता की घटना पर टिप्पणी की है और अपने विचार रखे हैं। मैं इस घटना (दलित युवक की हत्या) से ध्यान भटकाना नहीं चाहता, इसलिए मैं इस मुद्दे को उठाने यहां आया हूं।' उन्होंने मीडिया से कहा, 'मैं जानता हूं कि आप नहीं चाहते कि इस मुद्दे को भटकाया जाए और इसे उजागर न किया जाए क्योंकि आप नहीं चाहते कि दलितों के मुद्दों को उठाया जाए। मैं यहां दलितों की रक्षा करने, उनके मुद्दों को उठाने आया हूं। मैं इस मामले से ध्यान भटकने नहीं दूंगा।' उन्होंने कहा, 'मैं कोलकाता मामले पर आगे आने वाले समय पर बोलूंगा।' 


Tags:

Follow us

This question is not available..!