नईदिल्ली (18 अगस्त 24)। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में ट्रेनी महिला डॉक्टर के साथ गैंगरेप और हत्या मामले में सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है। जानकारी के मुताबिक, सीजेआई जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ की तीन सदस्यीय पीठ इस मामले पर मंगलवार को सुनवाई करेगी। पीठ में चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस जेबी पादरीवाला,जस्टिस मनोज मिश्रा शामिल हैं। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के दो वकीलों ने सीजेआई को पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने सीजेआई से कोलकाता महिला डॉक्टर मर्डर मामले पर स्वतः संज्ञान लेने की बात कही थी। पत्र में कहा गया था कि यह मामला केवल एक निर्दोष जीवन का उल्लंघन नहीं है, यह हमारे राष्ट्र की आत्मा पर हमला है, न्याय और मानवता के आदर्शों का घोर अपमान है, जिसे हमारा महान संविधान कायम रखता है। जिस क्रूर तरीके से इस युवा जीवन को ख़त्म कर दिया गया, उसने हमारे राष्ट्र की सामूहिक चेतना को झकझोर कर रख दिया है। एक होनहार डॉक्टर, जिसने स्वयं को उपचार करने और लोगों की जान बचाने के पवित्र कर्तव्य के लिए समर्पित कर दिया था। उसी परिसर में क्रूरतापूर्वक दुर्व्यवहार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई, जहां उसने मानवता की सेवा की थी।