चांगझी (23 मई 26)। चीन के उत्तरी प्रांत शानशी की एक कोयला खदान में विस्फोट के कारण कम से कम 90 मजदूरों की मौत हो गई। बीजिंग के आधिकारिक मीडिया ने शनिवार को बताया कि अब तक 201 खनिकों को बचाया गया है। गैस विस्फोट शुक्रवार शाम लिउशेन्यु कोयला खदान में हुआ। विस्फोट के बाद से बचाव अभियान जारी है। सरकारी समाचार पत्र 'चाइना डेली' की खबर के अनुसार, उत्तरी चीन के शानशी प्रांत के क्विनयुआन काउंटी में कोयला खदान में विस्फोट होने से मारे गए लोगों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने व्यापक पैमाने पर बचाव अभियान चलाए जाने और घायलों का उपचार सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए हैं। सरकारी समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' के अनुसार, चांगझी शहर की लियुशेन्यू कोयला खदान में यह हादसा शुक्रवार शाम को हुआ। जिस वक्त यह हादसा हुआ उस समय करीब 247 श्रमिक खदान में काम कर रहे थे। इससे पहले 'शिन्हुआ' ने शनिवार सुबह खबर में बताया था कि हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है और 38 लोग खदान में फंसे हुए हैं। शिन्हुआ के अनुसार, विस्फोट के कारणों की जांच की जा रही है और बचाव अभियान जारी है।