नईदिल्ली (14 जून 26)। कांग्रेस पार्टी देशभर में युवाओं से जुड़े मुद्दों, पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं और बढ़ती बेरोजगारी को लेकर एक बड़ा राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने जा रही है। इस अभियान की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोचिंग हब कोटा से होगी, जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी देश के विभिन्न शहरों में छात्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। पहले चरण में 17 जून को कोटा, 10 जुलाई को इलाहाबाद, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं की समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना और सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े करना है। कांग्रेस का कहना है कि देश में लगातार हो रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों और बढ़ती बेरोजगारी ने करोड़ों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। इसी को ध्यान में रखते हुए पार्टी छात्रों, अभ्यर्थियों, शिक्षकों और युवा संगठनों को जोड़कर एक व्यापक आंदोलन चलाने की तैयारी में है।