जोधपुर (24 सितंबर 26)। राजस्थान के जोधपुर में एक रासायनिक कारखाने में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। आग बुझाने के प्रयास के दौरान हुए विस्फोट में कम से कम 13 दमकलकर्मी झुलस गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, कारखाना परिसर में रखे ज्वलनशील रसायन के ड्रमों में आग लगने के बाद यह तेजी से फैल गई और कई विस्फोट हुए।
पुलिस ने बताया कि दमकल की करीब 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के प्रयास के दौरान रासायनिक ड्रम में विस्फोट हो गया, जिससे कम से कम 13 दमकलकर्मी झुलस गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घटना पर चिंता जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। गहलोत ने कहा, 'जोधपुर में रासायनिक कारखाने में आग लगने की घटना बेहद चिंताजनक है। मुझे जानकारी मिली है कि आग पर काबू पाने का प्रयास करते हुए 13 बहादुर दमकलकर्मी झुलस गए। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'