भोपाल (09 अक्टूबर 26)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के परिवार में एक बार फिर खुशियों ने दस्तक दी है। उनके छोटे बेटे कुणाल सिंह चौहान और बहू रिद्धि के घर बेटे का जन्म हुआ है। परिवार ने नवजात का नाम ‘अहान’ रखा है। पोते के जन्म की खुशी शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया के जरिए साझा की।
शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार सुबह इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर परिवार में आए इस नए सदस्य की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अहान के आने से घर में खुशियों का माहौल है। बेटे के जन्म ने उन्हें और उनकी पत्नी साधना चौहान को एक बार फिर दादा-दादी बनने का सुख दिया है। परिवार के लिए अहान का आगमन इसलिए भी खास है, क्योंकि इस साल चौहान परिवार में दूसरी बार नन्हे मेहमान की किलकारी गूंजी है। इससे पहले जनवरी में बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान और अमानत के घर बेटी का जन्म हुआ था।
अहान के जन्म के बाद परिवार में रिश्तों का दायरा भी और खास हो गया है। कार्तिकेय और अमानत अब अहान के बड़े पापा और बड़ी मम्मी बन गए हैं। वहीं, शिवराज सिंह चौहान की पोती इला को अपना छोटा भाई मिल गया है। शिवराज सिंह चौहान ने अहान के जन्म को परिवार के लिए ईश्वर का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि नन्हे बच्चे की किलकारी से घर का वातावरण प्रेम और आनंद से भर गया है। परिवार के इस खास मौके पर उन्होंने अहान के नाना-नानी संदीप जैन और स्वाति जैन को भी शुभकामनाएं दीं। इससे पहले 21 जनवरी 2026 को शिवराज सिंह चौहान के बड़े बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान और अमानत के घर बेटी का जन्म हुआ था। बच्ची का नाम इला रखा गया था। उसका जन्म दिल्ली स्थित एम्स में हुआ था।