Wednesday, 30 Sep 2026

कृषि क्षेत्र में पंजाब-हरियाणा से आगे होगा ग्वालियर: सीएम

भोपाल (26 अगस्त 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा ग्वालियर का नाम लेते ही गौरव की अनुभूति होती है। ग्वालियर की जितनी प्रसिद्धि संगीत सम्राट तानसेन से है, उतनी ही प्रसिद्धि यहाँ की गज़क, किसान और जवानों से भी है। शिक्षा, रक्षा, कृषि, फूड प्रोसेसिंग और दुग्ध उत्पादन में ग्वालियर संभाग पूरे प्रदेश में अग्रणी है। ग्वालियर कृषि के क्षेत्र में भी पंजाब और हरियाणा से आगे पहुँचेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ग्वालियर जिले के डबरा तहसील प्रांगण में 'बलराम कृषि महोत्सव' के तहत आयोजित हुए कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वर्तमान वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत किसानों की सेवा व समृद्धि के लिये 'बलराम कृषि महोत्सव' मनाए जा रहे हैं। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण एवं सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि ग्वालियर तेजी के साथ विकास की ओर अग्रसर है। ग्वालियर टेलीकॉम इंडस्ट्रीज का भी बड़ा हब बनने जा रहा है। उन्होंने कहा ग्वालियर क्षेत्र का सेंडस्टोन, पीला सोना यानि सरसों, कनक जैसे गेहूँ और मसूर व चने ने ग्वालियर जिले का परचम पूरे देश में लहराया है। ग्वालियर निश्चित ही कृषि के क्षेत्र में पंजाब और हरियाणा से भी आगे पहुँचेगा। मुख्यमंत्री ने ग्वालियर स्थित प्रदेश की सबसे बड़ी आदर्श गौशाला लाल टिपारा की भी सराहना की। उन्होंने कहा इस गौशाला से प्रेरणा लेकर प्रदेश में अन्य गौशालायें स्थापित हो रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मौजूद किसानों का आह्वान किया कि वे अपनी फार्मर आईडी अवश्य बनवाएं। यह आईडी किसान भाईयों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ उन्हें खेती किसानी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध करायेगी। किसान अपने खेत की ताकत पहचानें। केवल पारंपरिक फसलों पर निर्भर न रहकर फसल विविधीकरण व प्राकृतिक खेती अपनाएं और उन्नत पशुपालन करें। दुग्ध उत्पादन आर्थिक उन्नति का त्वरित माध्यम है।

'बलराम कृषि महोत्सव'में पूर्व मंत्री इमरती देवी, प्रदेश भर में आयोजित हो रहे बलराम महोत्सव एवं सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के संयोजक कपिल यार्दे, प्रेम सिंह राजपूत, जनपद पंचायत डबरा की अध्यक्ष प्रवेश गुर्जर, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह घुरैया, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमरदीप ओलख एवं जिला पंचायत के सदस्यगणों समेत अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा कलेक्टर रुचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एसडीएम डबरा जुही गर्ग एवं उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास भानुप्रकाश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिले भर से आए प्रगतिशील कृषक मौजूद थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!