Wednesday, 30 Sep 2026

किसानों को सुविधा सम्पन्न बनाना ही लक्ष्य: सीएम

भोपाल (24 अगस्त 26)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अन्नदाता किसानों की भलाई के लिये इनके खेत-खलिहानों और घर आंगन में समृद्धि लाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव कोशिश कर रही है। किसानों का कल्याण कर सुविधा सम्पन्न बनाने के लक्ष्य की पूर्ति के लिए मिशन मोड में काम कर रहे है। बलराम कृषि महोत्सव इसी दिशा में किया जा रहा सरकार का एक सार्थक प्रयास है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को मुख्यमंत्री निवास से दतिया जिले में हुए बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कान्फ्रेसिंग से संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सावन का अंतिम सोमवार है। भगवान महाकाल से प्रार्थना है कि प्रदेश के सभी किसानों के घर-भण्ड़ार अन्न से भरे रहें, बाबा महाकाल सभी का कल्याण करे एवं सभी के घरों में समृद्धि की सौगात दें।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि दतिया जिला 2 वस्तुओं के लिए सबसे अधिक जाना जाता है। पहला पीतांबरा माई का प्रसाद, जो पूरे देश भर में प्रसिद्ध हैं और दूसरा दतिया का गुड़, जो एक जिला- एक उत्पाद के तहत शामिल है। मध्यप्रदेश के किसान की भी पहचान दूर-दूर तक हो, इसके लिए सरकार हर संभव प्रयास कर किसानों के हित में अनेक योजनायें संचालित कर रही है। इस वर्ष 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उत्पादन हुआ। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गेंहूं 2700 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के साथ-साथ दतिया जिले का किसान भी आने वाले समय में खेती-किसानी के माध्यम से खूब आगे बढ़ेगा। आज धान की पैदावार में 32 क्विंटल से बढ़कर 36 क्विंटल प्रति हैक्टेयर बढोत्तरी हुई है। मूंगफली और गेहूं का रकबा भी बढ़ा है। आने वाले समय में गेहूं और चने की फसल के लिए अब रात के साथ साथ दिन में भी किसानों को बिजली उपलब्ध करवाई जाएगी। अब किसान खाद-बीज की जरूरत के लिए लेने वाले ऋण को जून-जुलाई में जीरो पर्सेंट ब्याज पर जमा कर सकते हैं। पहले यह 31 मार्च तक जमा कराना होता था, किसानों के हित में हमने 31 मार्च तक ऋण राशि को जमा कराने के बंधन समाप्त कर दिया है। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी बलराम कृषि महोत्सव कपिल यार्दे, मेघसिंह गुर्जर, विधायक दतिया घनश्याम सिंह, जिला पंचायत की कृषि स्थायी समिति के अध्यक्ष रामनरेश यादव, प्रशांत ढेंगुला, बृजेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

Tags:

Follow us

This question is not available..!