Tuesday, 06 Oct 2026

कर्नाटक: सिद्धारमैया ने सीएम पद से दिया इस्तीफा

बेंगलुरु (28 मई 26)। कर्नाटक में राजनीति हलचल के बीच सिद्धारमैया ने इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफा देते हुए उन्होंने कहा कि आलाकमान ने जो कहा वो किया। उन्होंने राज्यपाल के सचिव को अपना इस्तीफा सौंपा। कर्नाटक के कानून मंत्री एच.के. पाटिल ने बृहस्पतिवार को कहा मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उन्हें और अन्य मंत्रियों को पद छोड़ने के अपने फैसले से अवगत कराया और यह भी बताया कि उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे।

संसदीय कार्य मंत्री का भी पद संभाल रहे पाटिल ने सिद्धरमैया के आधिकारिक आवास पर जलपान के दौरान हुई बैठक में हिस्सा लेने के बाद कहा कि मुख्यमंत्री दोपहर बाद इस्तीफा सौंपने लोक भवन जाएंगे और यह नेतृत्व परिवर्तन कांग्रेस के आलाकमान के निर्देशों के अनुरूप है। मंत्री ने संवाददाताओं से कहा, 'मुख्यमंत्री ने आलाकमान के साथ हुई चर्चा का हवाला देते हुए कहा है कि वह इस्तीफा देंगे।... पार्टी के भीतर कहीं कोई असहमति नहीं है। यह सर्वसम्मति से लिया गया फैसला है और आलाकमान ने जो कहा है, उस पर सभी सहमत हैं।' उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी नेतृत्व ने कहा कि शिवकुमार अगले मुख्यमंत्री होंगे और इस संबंध में विधायक दल की बैठक में उचित प्रक्रिया शुरू की जाएगी। बैठक से जुड़े घटनाक्रम पर संवाददाताओं के सवाल पूछने पर श्रम मंत्री संतोष लाड भावुक हो गए और उनकी आंखें भर आईं। आबकारी मंत्री आरबी तिम्मापुर ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा पद छोड़ने के फैसले की घोषणा किए जाने के बाद बैठक में कुछ मंत्री भावुक हो गए थे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री एनएस बोसराजू ने कहा कि बैठक में पिछले तीन वर्षों के दौरान सरकार के कामकाज और भविष्य की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, 'आज सभी लोग (जलपान के दौरान बैठक में) शामिल हुए और सभी ने अच्छी बातें रखीं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में उन्होंने सरकार और वित्तीय व्यवस्था को किस तरह संभाला। उन्होंने हमसे कहा कि अगले दो वर्षों में भी इसी तरह काम जारी रखा जाए और सभी लोग मेहनत करें।' बाद में सीएम ने राज्यपाल की अनुपस्थिति में  सचिव को अपना इस्तीफ़ा सौंपा।

Tags:

Follow us

This question is not available..!