Tuesday, 29 Sep 2026

करीला धाम के विकास के लिए एक करोड़ की राशि: सीएम

अशोकनगर (20 मार्च 25)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सरकार भगवान श्रीराम के प्रदेश में विभिन्न आगमन स्थलों के संरक्षण और उन्नयन का कार्य कर रही है। इसके साथ ही प्रदेश में भगवान श्रीकृष्ण लीला-स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित करने के लिये श्रीकृष्ण पाथेय योजना को क्रियान्वित करने का काम भी किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि करीला धाम में भी श्रृद्धालुओं को आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने के लिये एक करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत की जायेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को अशोकनगर के करीला धाम में माँ जानकी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने रंगपंचमी के पावन पर्व पर श्रृद्धालुओं के साथ फूलों की होली भी खेली।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि करीला धाम में श्रृद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जायेगा। मेले की व्यवस्थाओं को और अधिक पुख्ता किया जायेगा, यह प्रयास किया जायेगा कि करीला धाम मेला राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाये। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में करीला धाम में आने जाने वाले मार्गों पर श्रृद्धालुओं के लिए छाया की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का संबंध चंदेरी से होने के कारण यहां की गढ़ी को भव्य बनाया जायेगा। इस अवसर पर प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राकेश शुक्ला, पूर्व मंत्री एवं मुंगावली विधायक बृजेन्द्र सिंह यादव,जिला पंचायत अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह यादव और पूर्व सांसद डॉ. के.पी. यादव ने भी संबोधित किया। बीना विधायक निर्मला सप्रे, आलोक तिवारी, सरपंच ग्राम पंचायत जसैया सुनीता यादव, अध्यक्ष करीला मंदिर ट्रस्ट महेन्द्र यादव, आयुक्त ग्वालियर संभाग मनोज खत्री, आईजी अरविन्द सक्सेना, कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जैन सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रृद्धालु उपस्थित थे।




Tags:

Follow us

This question is not available..!