हीरानगर (12 जून 24)। जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले के एक गांव में मंगलवार शाम आतंकवादियों ने गोलीबारी की जिसके बाद सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में एक आतंकवादी को मार गिराया। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि आतंकवादी हीरानगर सेक्टर में कूटा मोड के पास सैदा सुखल गांव में थे। उन्होंने कहा कि घटना के विवरण की प्रतीक्षा है।
अधिकारियों ने कहा कि शाम करीब 7.45 बजे तीन व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधि के बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा बल गांव पहुंचे। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों द्वारा शोर मचाने के बाद कुछ गोलियां चलने की आवाज सुनी गई, माना जा रहा है कि ये गोलियां संदिग्ध आतंकवादियों ने चलाई थीं। अधिकारियों ने कहा कि मुठभेड़ में एक आतंकवादी मारा गया और गांव में छिपे अन्य आतंकवादियों का पता लगाने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
उल्लेखनीय है कि आतंकवादियों ने श्रद्धालुओं को शिव खोरी मंदिर से कटरा में माता वैष्णों देवी मंदिर ले जा रही 53 सीट वाली बस पर पोनी इलाके में तेरयाथ गांव के पास रविवार को गोलीबारी कर दी थी। हमले के बाद बस खाई में जा गिरी थी। वाहन में उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के श्रद्धालु सवार थे। सूत्रों ने बताया कि सुरक्षा बलों को संदेह है कि पाकिस्तानी आतंकवादी राजौरी और रियासी के पहाड़ी इलाकों में छुपे हुए हैं और उन्होंने क्षेत्र में तलाश अभियान तेज कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि वे सुरक्षित संचार के माध्यम से पाकिस्तान की आईएसआई से निर्देश ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी रिपोर्ट हैं कि आतंकियों के एक स्थानीय मददगार सहित चार आतंकवादी इस हमले में शामिल थे जिसे लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर अबू हमजा के निर्देश पर अंजाम दिया गया।