Thursday, 01 Oct 2026

ऑस्ट्रेलिया को हराकर भारत वर्ल्ड कप के फाइनल में

मुंबई (31 अक्टूबर 25)। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। अब फाइनल में 2 नवंबर को भारतीय टीम का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा। यह महिला वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज है। ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल मैच में पहले खेलते हुए 338 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जेमिमा रोड्रीगेज के नाबाद 127 रन और हरमनप्रीत कौर की 89 रनों की पारी की बदौलत भारतीय टीम ने 9 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।

यह महिला वर्ल्ड कप इतिहास में दूसरी बार है जब भारत ने सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को हराया है। इससे पहले 2017 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 36 रनों से मात दी थी।गत चैंपियन ऑस्ट्रेलिया का आठवीं बार विश्व चैंपियन बनने का सपना अधूरा रह गया है। यह महिला वर्ल्ड कप इतिहास में किसी टीम द्वारा चेज किया गया सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले सबसे बड़े सफल रन चेज का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम था, जिसने इसी वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ 331 रनों का टारगेट चेज कर लिया था। साथ ही यह वर्ल्ड कप में केवल दूसरा मौका है जब किसी टीम ने 300 से ज्यादा का टारगेट चेज किया है। 339 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 59 रन के स्कोर तक स्मृति मंधाना (24 रन) और शेफाली वर्मा (10 रन) का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद जेमिमा रोड्रीगेज और हरमनप्रीत कौर ने मिलकर 167 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी कर भारत को जीत के करीब ला खड़ा किया। इस दौरान हरमनप्रीत और रोड्रीगेज को कई बार जीवनदान भी मिले।

Tags:

Follow us

This question is not available..!