Monday, 28 Sep 2026

एयर शो में यूनानी वायुसेना का फाइटर जेट क्रैश

एथेंस (06 सितंबर 26)। यूनान की राजधानी एथेंस में शनिवार को आयोजित वार्षिक हवाई प्रदर्शनी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। हजारों दर्शकों के सामने यूनानी वायुसेना का ट्विन-सीट F-4 फैंटम लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर जा गिरा। विमान के गिरते ही उसमें आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना में दर्शकों के घायल होने की तत्काल कोई खबर नहीं है। 

यह दुर्घटना टनाग्रा एयर बेस पर आयोजित वार्षिक एयर शो 'एथेंस फ्लाइंग वीक' के दौरान हुई। उस समय बड़ी संख्या में लोग हवाई करतब देखने के लिए मौजूद थे। अचानक लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर जमीन पर गिर गया। इसके बाद विमान में आग की लपटें उठने लगीं। आग पर काबू पाने के लिए हेलीकॉप्टर से पानी का छिड़काव किया गया। यूनानी वायुसेना के अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के समय विमान में मौजूद पायलट के बारे में तत्काल स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। यह भी पता नहीं चल पाया था कि विमान के जमीन से टकराने से पहले पायलट बाहर निकलने में सफल रहा या नहीं। हादसे के कारणों की तत्काल जानकारी सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है। एयर शो देखने पहुंचे हजारों लोगों के सामने लड़ाकू विमान के अचानक गिरने से वहां हड़कंप मच गया। हादसे के बाद राहत और बचाव दल ने इलाके को संभाला और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फिलहाल हादसे में दर्शकों के हताहत होने की कोई तत्काल सूचना नहीं है। यूनानी अधिकारी विमान हादसे से जुड़े अन्य विवरण जुटा रहे हैं।

Tags:

Follow us

This question is not available..!