Monday, 28 Sep 2026

एक-दिवसीय आईएसओ कार्यशाला संपन्न

भोपाल (23 अगस्त 26)। मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड अपने सभी जल एवं ताप विद्युत गृहों के अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप कार्यप्रणालियाँ एवं एकीकृत प्रबंधन प्रणालियों के नवाचार के लिये सजगता से अग्रसर हो रही है। इसी सिलसिले में कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह की अध्यक्षता में नयागांव, जबलपुर में स्थित नवनिर्मित मध्यप्रदेश पॉवर जनरेशन प्रशिक्षण संस्थान में आईएसओ मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में कंपनी के विभिन्न जल एवं ताप विद्युत गृहों के 15 अभियंताओं ने भाग लिया।

कंपनी के प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यशाला में आईएसओ मैनेजर नविता ठाकुर एवं तरंग श्रीवास्तव ने वरिष्ठ अभियंताओं के समक्ष आईएसओ के मूल सिद्धांतों तथा इसके लाभों पर सहित मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन की कंपनी की कार्यप्रणालियों के परिप्रेक्ष्य में महत्ता पर प्रस्तुति दी। इसके साथ ही सभी विद्युत गृहों के आईएसओ रोडमैप तथा विभिन्न आईएसओ मानकों को एकीकृत प्रबंधन प्रणाली के रूप में लागू किए जाने पर भी चर्चा की गई। अति. मुख्य अभियंता (प्रशिक्षण) डॉ. अशोक तिवारी ने आईएसओ ऑडिट एवं प्रमाणन की तैयारियों के संबंध में अभियंताओं को दस्तावेजीकरण, प्रक्रियाओं के मानकीकरण, अनुपालन, आंतरिक ऑडिट तथा निरंतर सुधार जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी।

आईएसओ-9001 के माध्यम से गुणवत्ता प्रबंधन, प्रक्रियाओं का मानकीकरण, दस्तावेजीकरण, प्रक्रिया नियंत्रण एवं निरंतर सुधार सुनिश्चित होता है। आईएसओ-14001 के माध्यम से ताप एवं जल विद्युत संयंत्रों में पर्यावरणीय प्रभावों की पहचान एवं नियंत्रण किया जा सकता है। आईएसओ- 45001 पॉवर प्लांट में मौजूद विभिन्न सुरक्षा जोखिमों के प्रबंधन और सक्रिय सुरक्षा संस्कृति विकसित करने में सहायक है। वहीं आईएसओ-50001 के माध्यम से ऊर्जा खपत का मापन, विश्लेषण तथा ऊर्जा दक्षता में निरंतर सुधार किया जा सकता है।

Tags:

Follow us

This question is not available..!