नईदिल्ली (02 जून 26)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा 'नीट-यूजी' की 21 जून को फिर से होने वाली परीक्षा के सफलतापूर्वक आयोजन की जिम्मेदारी ली है और ऐसे में उम्मीद की जानी चाहिए कि पेपर लीक नहीं होगा, लेकिन यदि यह होता है तो फिर उनका इस्तीफा मांगा जाएगा।
संसद की शिक्षा, महिला, बाल, युवा और खेल संबंधी स्थायी समिति के प्रमुख सिंह ने यह दावा भी किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के 'निकम्मेपन' से परेशान होकर परीक्षा की सारी जिम्मेदारी खुद ले ली है। उन्होंने समिति की बैठक के बाद यह भी कहा कि वह बैठक में हुई किसी बात पर टिप्पणी नहीं करेंगे। सिंह ने एक समाचार पोर्टल उस खबर की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए जिसमें कहा गया है कि उन्होंने समिति की बैठक में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके 'सिस्टम' पर भरोसा है। उन्होंने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, 'मैं एक बात जानता हूं कि धर्मेंद्र प्रधान के निकम्मेपन से प्रधानमंत्री इतने दुखी हैं कि उन्होंने अब सारी जिम्मेदारी खुद ले ली है। इसलिए पूरी जवाबदेही उनकी है। हमें पूरा भरोसा है कि यह (परीक्षा) ठीक तरह से होगी। अगर यहां भी लीक हो जाता है तो फिर हमें प्रधानमंत्री का इस्तीफा मांगना पड़ेगा।' सिंह ने समाचार पोर्टल की खबर के बारे में पूछे जाने पर कहा, 'उसका क्या स्रोत है? प्रधानमंत्री जी ने 21 जून को फिर से होने वाली नीट की परीक्षा के सफलतापूर्वक आयोजन की जिम्मेदारी ली है या नहीं ली है? उन्होंने यह जिम्मेदारी ली है। हम उम्मीद कर रहे हैं कि कम से कम उनके तहत यह पेपर लीक तो न हो। अगर उनकी जिम्मेदारी में पेपर लीक होता है तो उनसे इस्तीफा मांगना पड़ेगा।'